योल (कांगड़ा)। पंचायत चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति जिला कांगड़ा ने सोमवार को ‘नशा मुक्त चुनाव’ अभियान का औपचारिक आगाज किया। इस अभियान की शुरुआत उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को ज्ञापन सौंपकर की गई। समिति के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को इस पहल की रूपरेखा और उद्देश्यों से अवगत कराया। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा कि वे चुनाव के दौरान शराब, नशीले पदार्थों या पैसों के प्रलोभन में न आएं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष उर्मिला राणा, सचिव डॉ. संजय चौधरी, सहसचिव शारदा शर्मा, उपाध्यक्ष अंजना वालिया, सलाहकार अनिता मनकोटिया और धर्मशाला समिति की अध्यक्ष स्वर्णलता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।