धर्मशाला। जिला कांगड़ा में पंचायती राज विभाग के तहत प्रतिनिधियों के रिक्त चल रहे 21 पदों को होने वाले उपचुनाव के लिए विभाग के पास 45 नामांकन पहुंचे हैं। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य के एक पद के लिए चार आवेदन पहुंचे हैं, जबकि प्रधान के लिए 10, उपप्रधान के लिए आठ और वार्ड सदस्यों के लिए 23 नामांकन पहुंचे हैं। यह उपचुनाव 25 फरवरी को संबंधित पंचायतों में होगा।
जानकारी के अनुसार पंचायती राज विभाग में एक पंचायत समिति सदस्य, तीन प्रधान, दो उपप्रधान और 15 वार्ड सदस्यों के रिक्त पदों को भरने के लिए आठ से 12 फरवरी तक नामांकन मांगे गए थे। इसके तहत 8 और 9 फरवरी को 11-11 नामांकन पत्र भरे गए थे, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन 12 फरवरी को 23 नामांकन पत्र भरे गए हैं। इन नामांकन पत्रों की 13 फरवरी को जांच पड़ताल की जाएगी, जबकि 15 फरवरी को नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि होगी और उसी दिन मैदान में डटे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्र जारी कर दिए जाएंगे। वहीं ,इस संदर्भ में जिला पंचायत अधिकारी नीलम कटोच ने बताया कि फरवरी माह में होने वाले पंचायती राज विभाग के पास कुल 45 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
इन पंचायतों में होने हैं उपचुनाव
ब्लॉक पंचरुखी की ग्राम पंचायत गदियाड़ा और भरवाना में प्रधान पद, ग्राम पंचायत भिरड़ी में उपप्रधान और पंचायत चढि़यार के वार्ड-4 में वार्ड पंच के लिए चुनाव होंगे। ब्लॉक परागपुर की ग्राम पंचायत डाडासीबा में प्रधान, ब्लॉक सुलह की पंचायत रझूं गदियाड़ा में उपप्रधान, पंचायत सन्हूं वार्ड-3, बलोह के वार्ड-2, गरला के वार्ड-3 और ग्राम पंचायत भदरोल के वार्ड-5 में वार्ड मेंबर का चुनाव होगा। नूरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खेल के वार्ड-6, बैजनाथ ब्लॉक की पंचायत पोल्लिंग के वार्ड-3, ब्लॉक भवारना के अंतर्गत पंचायत घनेटा के वार्ड-6 और लमलेहड़ पंचायत के वार्ड-5, ब्लॉक देहरा की डोहग पलोटी पंचायत के वार्ड-2, ब्लॉक धर्मशाला की पंचायत बरवाला के वार्ड-3, फतेहपुर ब्लॉक की पंचायत कंदौर के वार्ड-3, इंदौरा ब्लॉक की पंचायत टप्पा के वार्ड-2 और लंबागांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिजापुर वार्ड-4 और टंबर पंचायत के वार्ड 5 में वार्ड मेंबर चुने जाने हैं।