कांगड़ा। पौराणिक जयंती माता मंदिर में शुरू होने जा रहे पंच भीष्म मेलों की तैयारियों के संबंध में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग की विशेष उपस्थिति में हुई इस बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा की गई। अजय वर्मा ने निर्देश दिए कि मेले के पांचों दिन मंदिर परिसर में एक चिकित्सक व एक फार्मासिस्ट युक्त स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी। सुचारु यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जल शक्ति विभाग को पाइपलाइन व टंकियों की सफाई कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली विभाग को निर्बाध बिजली व स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए वन विभाग दुकानदारों को डस्टबिन उपलब्ध करवाएगा और वन मित्रों की तैनाती की जाएगी। संवाद