नूरपुर (कांगड़ा)। आपातकालीन परिस्थितियों में नूरपुर सिविल अस्पताल में दाखिल होने वाले मरीजों को आने वाले दिनों में ऑक्सीजन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नूरपुर अस्पताल के लिए 1000 एलपीएम क्षमता के पीएसए ऑक्सीजन प्लांट को हरी झंडी मिल गई है। बताते चलें कि केंद्र सरकार ने पीएम केयर्स फंड से 18 जून को प्रदेश के लिए 28 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट मंजूर किए हैं, जिनमें पांच ऑक्सीजन प्लांट जिला कांगड़ा में स्थापित होंगे।
कांगड़ा जिले में नूरपुर सहित अन्य चार स्वास्थ्य संस्थानों में ऑक्सीजन प्लांट लगेंगे। नूरपुर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगने से अस्पताल में एक साथ 200 बिस्तर को ऑक्सीजन की सुविधा मिल सकेगी। प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नए ऑक्सीजन प्लांट लगने से जहां कोरोना की अगली संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से निपटने में मदद मिलेगी, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा।
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि नूरपुर सिविल अस्पताल के लिए 1000 एलपीएम क्षमता का पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किया गया है। इससे नूरपुर अस्पताल के 200 बिस्तर को ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नूरपुर में निर्माणाधीन मातृ-शिशु अस्पताल के लिए भी 500 एलपीएम क्षमता का एक अलग ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएगा।