धर्मशाला। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में तैनात आउटसोर्स कर्मियों को दो दिनों के भीतर वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। लंबे समय से वेतन न मिलने की शिकायतों के बाद सोमवार को जिला श्रम अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में अस्पताल प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित ठेकेदारों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए।
जानकारी के अनुसार टांडा अस्पताल में कार्यरत करीब 35 आउटसोर्स कर्मियों को दिसंबर 2024 से नियमित वेतन नहीं मिल रहा था। इससे परेशान कर्मियों ने जिला श्रम अधिकारी कार्यालय धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर श्रम विभाग ने अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदारों को नोटिस जारी कर रिकॉर्ड सहित तलब किया था।
बैठक के दौरान अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वे ठेकेदारों के लंबित भुगतान के बिल ट्रेजरी कार्यालय को भेज चुके हैं, ताकि वेतन प्रक्रिया में कोई देरी न हो। वहीं, ठेकेदारों ने भी श्रम अधिकारी के समक्ष यह लिखित आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर सभी कर्मियों को बकाया वेतन अदा कर दिया जाएगा।
जिला श्रम अधिकारी अमित चौधरी ने कहा दो दिनों में कर्मियों को वेतन का भुगतान करने के आदेश दिए गए हैं। आउटसोर्स कर्मियों के हितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि तय समय सीमा में वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों और प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।