फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: अभिलाष की मौत पर फूटा आक्रोश, पुलिस थाने का घेराव, चक्का जाम

Tue, 01 Sep 2026 06:28 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कांगड़ा
विज्ञापन
सोल बनेहड़ के अभिलाष की मौत की जांच को लेकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते परिजन और ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
लंबागांव (कांगड़ा)। सोल बनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों का भारी आक्रोश फूट पड़ा। अंतिम संस्कार के तुरंत बाद गुस्साए ग्रामीणों ने लंबागांव पुलिस थाने का घेराव किया और सड़क पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

परिजनों ने किशोर को जहरीली दवा पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए संदिग्धों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर करीब साढ़े तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। परिजनों का कहना था कि अभिलाष की मौत सामान्य नहीं है और जब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जाता, धरना जारी रहेगा।
माहौल तनावपूर्ण होते देख एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर और डीएसपी संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय का भरोसा दिलाकर दोपहर करीब पौने एक बजे जाम खुलवाया। इसके कुछ ही देर बाद ग्रामीण दोबारा सड़क पर बैठ गए और जिन युवकों पर संदेह है, उन्हें तुरंत थाने में सामने लाने की मांग करने लगे।
विज्ञापन

अधिकारियों के दोबारा समझाने पर करीब ढाई बजे सड़क से जाम तो हटा लेकिन लोग थाने के भीतर घुसकर धरने पर बैठ गए। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने उनके बताए एक किशोर को हिरासत में ले लिया। इससे पहले भी एक लड़के को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही थी।
डीएसपी संदीप शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दो-तीन दिन के भीतर मामले का पर्दाफाश करने का भरोसा दिया। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे प्रदर्शन शांत हुआ। डीएसपी ने बताया कि मामले में दो लड़कों को हिरासत में लिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

सीडब्ल्यूसी ने पुलिस से तलब की विस्तृत रिपोर्ट
16 वर्षीय अभिलाष की संदिग्ध मौत मामले को जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कांगड़ा ने गंभीरता से लिया है। समिति के चेयरमैन विक्रमजीत शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मामले की समीक्षा के बाद लंबागांव थाने से विस्तृत स्थिति रिपोर्ट तलब की गई। सीडब्ल्यूसी ने बच्चे के लापता होने से लेकर अस्पताल पहुंचने तक के घटनाक्रम और पुलिस जांच के तथ्यों का ब्योरा मांगा है। समिति ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है और यह देखा जाएगा कि सुरक्षा व संरक्षण में कोई चूक तो नहीं हुई।

सोल बनेहड़ के अभिलाष की मौत की जांच को लेकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते परिजन और ग्रामीण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें