अमर उजाला ब्यूरो
टांडा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने जटिल हृदय शल्य चिकित्सा को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने खराब एओर्टिक वाल्व और फैली हुई महाधमनी से पीड़ित एक मरीज की ओपन-हार्ट सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया। ऑपरेशन के दौरान खराब एओर्टिक वाल्व को कृत्रिम वाल्व से बदला गया, जबकि फैली हुई महाधमनी को कृत्रिम ग्राफ्ट से प्रतिस्थापित किया। पूरी प्रक्रिया हार्ट-लंग मशीन की सहायता से संपन्न की।
सर्जरी का नेतृत्व विभागाध्यक्ष डॉ. देश बंधु शर्मा ने किया। उनकी टीम में डॉ. विकास पंवार और डॉ. पुनीत शर्मा शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. भारती गुप्ता और डॉ. अमन ठाकुर ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। मरीज की हालत स्थिर है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी है।
पूरा उपचार सरकारी स्वास्थ्य योजना
टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि मरीज का पूरा उपचार सरकारी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत निशुल्क किया गया। इससे मरीज को बिना किसी आर्थिक बोझ के आधुनिक और उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा की सुविधा मिल सकी।