नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पुलिस थाना नगरोटा बगवां के अंतर्गत पटियालकड़ (धलूं) में शराब ठेके के सेल्समैन पर हमला और पौने दो लाख रुपये की लूटपाट करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गिरोह के एक मुख्य आरोपी राजेश उर्फ गार्डी को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बीती 27 जून की रात तीन आरोपियों ने पहले अहाते में बैठकर शराब पी। इसके बाद रात 11 बजे वे दो अन्य साथियों को लेकर दोबारा ठेके पर पहुंचे। वहां एक आरोपी ने सेल्समैन पर देसी कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने तेजधार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आरोपी ठेके से करीब पौने दो लाख रुपये की नकदी और सेल्समैन का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
भागने से पहले उन्होंने सबूत मिटाने के इरादे से ठेके के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। मामले की तफ्तीश करते हुए पुलिस ने पहले 53 मील से सेल्समैन का मोबाइल और करीब 10 दिन पहले कठुआ से वारदात में प्रयोग की गई कार बरामद की थी। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 जुलाई को आरोपी को कठुआ से दबोचा गया। पुलिस आरोपी को थाने लाकर पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर शेष राशि बरामद की जा सके।