चोरी से पहले घर की छत पर गुलेल से बरसाते थे पत्थर
गिरफ्तार किए चोरी के आरोपियों ने किए कई खुलासे
दिन में एकांत में बने और बड़े घरों की करते थे रेकी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चोरी की घटनाओं में शामिल 18 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने देहरा, ऊना, ज्वालामुखी, रक्कड़, नूरपुर, पालमपुर, डाढ आदि क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस पर करवाई करते हुए जिला कांगड़ा पुलिस ने इनको बनखंडी के समीप एक निजी गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये आरोपी मकानों पर गुलेल से पत्थर बरसाकर चेक करते थे कि परिवार के सदस्य सोये या नहीं।
यह जानकारी एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने धर्मशाला में एक पत्रकारवार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि अभियोग में संलिप्त आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा और उपमंडलीय पुलिस अधिकारी देहरा अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। पुलिस थाना देहरा व साइबर सेल धर्मशाला की टीम ने सीसीटीवी के विश्लेषण में पाया कि देहरा में हुई चोरी की घटना में चार लोग संलिप्त हैं, जो घटना को अंजाम देने के बाद चोरीशुदा मोटरसाइिकल पर ज्वालामुखी की तरफ भागे थे। सीसीटीवी की मदद से टीम ज्वालामुखी स्थित आशीष गेस्ट हाउस पहुंची, जहां पर छानबीन करने पर पाया गया कि घटना में संलिप्त अपराधी 21 से 23 जुलाई तक इसी गेस्ट हाउस में ठहरे थे।
उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस के विजिटर रजिस्टर में कंचन बाई पत्नी रामदास पारदी निवासी गुना मध्य प्रदेश ने अपने नाम पर तीन कमरे बुक किए थे। इनमें आठ पुरुष, छह औरतें और चार बच्चों सहित कुल 18 लोग रह रहे थे। पारदी समुदाय के लोगों ने इससे पहले भी ज्वालामुखी पुलिस थाना के अंतर्गत एक घर में घुस कर गहनों की चोरी को अंजाम दिया था। साइबर टीम ने होटल से मिले मोबाइल नंबर व आधार कार्ड के नाम पर बुक किए गए तीन कमरों की जांच करने पर पाया कि रामदास की चोरी करने वाले पारदी गिरोह से काफी बातचीत है। गेस्ट हाउस के कैमरों को चेक करने पर पाया गया कि 22 जुलाई की रात 9:45 बजे गेस्ट हाउस से चार लोग निकल कर बाहर जाते हैं और 23 जुलाई को सुबह 3:45 बजे पर वापस आते हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मध्य प्रदेश निवासी राम दास, गिराज, युवराज और पंजाब निवासी सुरजीत, कृष्णा, राधे, विरन सिंह, दादा सिंह, धूरी और राखी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने छोटे और बड़े कटर सहित डाई लोहा जो दोनों सिरों से मुड़े हुए हैं, दो बड़े पेचकस, तीन गुलेल, दो रेंच, चार टॉर्च और औजार बरामद किए हैं, जबकि चोरी के आभूषणों की रिकवरी अभी शेष है।