ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा (कांगड़ा)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर जिला कांगड़ा के तीनों शक्तिपीठों श्री ज्वालामुखी, चामुंडा माता और श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तीनों शक्तिपीठों में मंगलवार को कुल 30,500 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। सुबह से ही मंदिरों में लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने पिंडियों व दिव्य ज्योतियों के दर्शन कर मंगलकामनाएं मांगी और कन्या पूजन भी किया।
श्री ज्वालामुखी मंदिर में अष्टमी पर सर्वाधिक 18 हजार श्रद्धालु पहुंचे। सप्तमी पर मां के चरणों में भक्तों ने 10,97,408 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया। मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि मां के जयकारों से पूरा दरबार गूंजता रहा और भक्त भाव-विभोर होकर दर्शन करते रहे।
चामुंडा माता मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लगभग छह हजार भक्तों ने माता के दर्शन किए। शाम को माता रानी को 108 प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग लगाया गया। वहीं, श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में भी अष्टमी पर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई। करीब 6,500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और भक्तों ने 3,03,943 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया।
मंदिर अधिकारी अशोक पठानिया ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए अष्टमी पर मंदिर के कपाट सुबह 3ः00 बजे ही खोल दिए गए। बाणगंगा घाट पर भी सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के विशेष प्रबंध किए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अष्टमी पर ज्वालामुखी मंदिर में पूजन की धूम
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शारदीय नवरात्रों की अष्टमी पर शक्तिपीठ ज्वालामुखी में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लंगर भवन तक लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने महागौरी रूप में मां की पूजा-अर्चना कर हवन यज्ञ व कन्या पूजन किया। माता को हलवा, पूरी व चने का भोग लगाया गया। बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी पंक्तिबद्ध दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने लंगर, मेडिकल कैंप, सफाई और फलाहार जैसी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुजारी एवं मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य सौरभ शर्मा ने कहा कि कि शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर पूजन का विशेष महत्व होता हैं।
ज्वालामुखी मंदिर में आष्टमी पर अल सुबह दर्शनों के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु। संवाद
ज्वालामुखी मंदिर में आष्टमी पर अल सुबह दर्शनों के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु। संवाद
ज्वालामुखी मंदिर में आष्टमी पर अल सुबह दर्शनों के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु। संवाद