नूरपुर (कांगड़ा)। एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा जब विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते हुए अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।
शनिवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा बाल विकास परियोजना नूरपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ने यह बात कही। बैठक में खंड स्तरीय मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ टास्क फोर्स, पोषण अभियान और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुभाष चंद ने समेकित बाल विकास सेवाओं, कन्या सुरक्षा और पोषण सुधार के लिए चलाई जा रही गतिविधियों का ब्योरा रखा। बैठक में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत पात्र बच्चों व आश्रितों के लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश भी दिए गए।