धर्मशाला। कृषि एवं पशुपालन विभाग के मंत्री चंद्र कुमार चौधरी ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल के मुद्दों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। चंद्र कुमार ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं के निपटारे को प्राथमिकता दी जाए। कृषि मंत्री ने स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि लोगों तक प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिला जन शिकायत निवारण समिति की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का त्वरित समाधान कर आमजन को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने नींबू प्रजाति के फलों के विपणन को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए इनके पल्प और कॅनसंट्रेट तैयार कर विपणन की दिशा में ठोस पहल की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में योजनाबद्ध प्रयास करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सुझाव दिया कि किसान अदरक, धनिया और हल्दी की खेती भी बढ़ाएं। इनको बंदर नुकसान नहीं पहुंचाते। उन्होंने कहा कि पारंपरिक सिंचाई कूहलों की समयबद्ध मरम्मत कर किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति और जनजाति बहुल गांवों में बिजली, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने सड़कों के सुधार, स्कूलों में अध्यापकों के खाली पदों को भरने, विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल, सीवरेज से संबंधित करने के मुद्दे उठाए। इसके अतिरिक्त छुट्टी वाले दिन निर्धारित रूट्स पर बसें नहीं चलाने बारे भी शिकायत की गई। मंत्री ने सभी मुद्दों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान करने के लिए अधिकारियों को हिदायत दी। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न सहित अधिकारीगण तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।