देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा के तत्वावधान में बुधवार को टाउन हॉल कॉम्प्लेक्स में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज हुआ। पोषण भी पढ़ाई भी विषय पर आधारित इस शिविर में क्षेत्र की 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के गुर सिखाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीडीपीओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि यह पहल प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और संज्ञानात्मक विकास को सुनिश्चित करना है। कार्यकर्ताओं को विस्तार से बताया गया कि पोषण के साथ-साथ शिक्षा को कैसे खेल-खेल में बच्चों तक पहुंचाया जाए।
इस प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को नवचेतना एवं आधारशिला पाठ्यक्रम के माध्यम से बच्चों की सीखने की नींव मजबूत करने पर बल दिया गया। शिविर में आयु के अनुरूप खेल और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर शिक्षा देना, स्वच्छता, स्वास्थ्य व्यवहार और बच्चों के लिए पौष्टिक आहार की महत्ता और भाषा, संज्ञानात्मक और सामाजिक-भावनात्मक विकास पर ध्यान केंद्रित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सीखने का सुलभ माहौल तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केवीके में बाल विकास योजनाओं की दी जानकारी
कांगड़ा। कृषि विज्ञान केंद्र कांगड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप बग्गा ने की। कार्यक्रम के दौरान संदीप बग्गा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकार की महत्वाकांक्षी बाल विकास योजनाओं के उद्देश्य, क्रियान्वयन और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर योजनाओं की सफलता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। इस मौके पर वृत्त नीलकमल, किरण, आशा देवी, नीतू, तृप्ता, अनीता, अर्चना देवी और सुनील कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद