बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ पपरोला नगर पंचायत के तहत आने वाले बाजारों और ताशी जोंग से आवाही नाग मंदिर तक के एरिया की तमाम हरकतों कर अब तीसरी आंख की नजर रहेगी। नपं के तहत आने वाले महत्वपूर्ण चौकों और बाजारों में 22.50 लाख रुपये की राशि से 32 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इन कमरों की स्थापना के लिए राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी की ओर से बजट उपलब्ध करवाया गया है। कैमरों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है
और आगामी दो माह के भीतर इनकी स्थापना की जाएगी। इन कैमरों की स्थापना से राष्ट्रीय उच्च मार्ग से गुजरने वाले हर वाहन पर पुलिस की नजर रहेगी। चौकों पर स्थापित होने वाले कैमरे हाई रेंज के होंगे, जबकि बाजारों में कम रेंज के कैमरे स्थापित किए जाएंगे। डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि इन कैमरों का पूरा कंट्रोल पुलिस थाने में होगा और हर समय इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। व्यापार मंडल बैजनाथ और पपरोला के अध्यक्ष मनोज कपूर और मनोज सूद ने इसके लिए इंदु गोस्वामी का आभार प्रकट किया है।
राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने बताया कि नगर पंचायत के तहत आने वाले इन क्षेत्रों में नजर रखने के लिए कैमरों की बहुत जरूरत थी और इससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। जिला पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि यह कैमरे पुलिस के लिए संजीवनी का कार्य करेंगे और इससे यातायात नियमों की पालना न करने वाले अन्य आपराधिक घटनाओं पर नजर रहेगी।
इन स्थान पर स्थापित होंगे सीसीटीवी
बैजनाथ, पपरोला, गणेश बाजार, तारापुरी बाजार और अन्य महत्वपूर्ण चौबीन चौक, डीएसपी कार्यालय चौक, धानग चौक, उतराला रोड, आयुर्वेदिक कॉलेज चौक, देओल चौक, बस स्टैंड के अतिरिक्त राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ताशी जोंग से लेकर अवाही नाग मंदिर तक के मार्ग पर सीसीटीवी स्थापित किए जाएंगे।