धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट के अलावा अब बनगोटू से भी मानव परिंदें उड़ान भरेंगे। बनगोटू में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के लिए पर्यटन विभाग की ओर से नई साइट चिह्नित की गई है। इस साइट का अब तकनीकी विशेषज्ञों की ओर से निरीक्षण किया जाएगा और इनकी रिपोर्ट पर ही साइट पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के संचालन पर मुहर लगेगी। चिह्नित की गई साइट वन विभाग की भूमि पर है और तकनीकी रिपोर्ट पर वन विभाग से मंजूरी के लिए प्रक्रिया को भी शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा में अभी चार स्थानों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसमें विश्व भर में प्रख्यात बीड़-बिलिंग, धर्मशाला के समीपवर्ती इंद्रूनाग और नरवाणा के अलावा ज्वालाजी की हिरण पंचायत में पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। बीड़-बिलिंग और नरवाणा साइट पर पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। बनगोटू में चिह्नित की गई साइट को भी विभाग की ओर से बेहतर बताया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि बनगोटू में चिह्नित की साइट की ऊंचाई भी बीड़-बिलिंग साइट की तरह ही है। इस साइट को मंजूरी मिलती है तो जिला कांगड़ा में पैराग्लाइडिंग का रोमांच रखने वाले पायलटाें के लिए एक बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा। उधर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि बनगोटू में पैराग्लाइडिंग के लिए साइट चिह्नित की गई है। इसके लिए आगामी प्रक्रियाओं को शुरू किया है। इस साइट के लिए दो पैराग्लाइडर ऑपरेटरों ने रूचि दिखाई है।