धर्मशाला। विश्व विख्यात ट्रैकिंग साइट त्रियूंड पर गए इस्रराइल के पर्यटक का मंगलवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। विदेशी नागरिक सेमुअल की तलाश को एसडीआरएफ और माउंटेनरिंग इंस्टीट्यूट की टीम जुटी हुई है। वहीं, कांगड़ा पुलिस की ओर से इस्रराइल के दूतावास को भी सूचना दे दी है।
विदेशी नागरिक 6 जून को दल के साथ त्रियूंड ट्रैकिंग पर गया था। इस दौरान दल के अन्य सदस्य वापस मैक्लोडगंज लौट आए, लेकिन सेमुअल इंद्रहार पास को पार कर चंबा की ओर ट्रैकिंग करने के लिए निकल गया। एएसपी कांगड़ा हितेष लखनपाल ने बताया कि साथियों के बयानों के आधार पर इंद्रहार पास रूट के संभावित स्थलों पर तलाश जारी है।