पालमपुर (कांगड़ा)। थाना पालमपुर में 24 वर्षीय नवविवाहिता के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई है। पालमपुुर क्षेत्र की रहने वाली है और पालमपुर में सिलाई सीखने आती थी। शुक्रवार सुबह वह घर से पालमपुर के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शनिवार को महिला के पति ने थाना पालमपुर में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। शनिवार को पालमपुर से परौर तक के क्षेत्र में छानबीन की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार, जिस बस में महिला सुबह घर से पालमपुर आई थी, उसमें सवार कुछ यात्रियों ने बताया कि वह पालमपुर बाईपास पर उतर गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है। महिला का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
महिला की शादी इसी साल हुई है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संवाद