बैजनाथ (कांगड़ा)। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग के टेक ऑफ पॉइंट पर पायलटों की सुविधा के लिए एयरो स्पोर्ट्स क्लब के तहत पर्यटन विभाग और प्रशासन के सहयोग से नई मैट बिछाई गई है।
लाखों रुपये की यह मैट बिलिंग के दोनों टेक ऑफ पॉइंट्स पर बिछाई गई है। गौरतलब है कि पूर्व में पर्यटन विभाग के तहत निचले टेक ऑफ पॉइंट पर मैट बिछाई गई थी, लेकिन सही रखरखाव न होने के कारण यह जगह-जगह से खराब हो चुकी थी। यह सब देखते हुए अब पायलटों की सुविधा के लिए नई मैट बिछाई गई है।
इस बार बिलिंग में ऊपर वाले टेक ऑफ पॉइंट पर भी मैट बिछाई गई है। टेक ऑफ पॉइंट की जमीन वन विभाग से साडा के नाम हो जाने पर मैट की सुरक्षा के लिए बरसात के सीजन में वैकल्पिक बाड़ लगाया जा सकेगा। बरसात में पशु मैट को खराब कर देते थे। इस सीजन में करीब 350 विदेशी पायलटों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। अब पिछले दो-तीन दिन से कुछ पायलटों ने वतन वापसी करनी शुरू कर दी है। साडा सुपरवाइजर रनविजय ने बताया कि इस बार 350 के करीब विदेशी पायलटों ने दस्तक दी है। एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि पायलटों की सुविधा के लिए आगे और सुविधाएं जुटाई जाएंगी।