बैजनाथ (कांगड़ा)। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग घाटी में 15 सितंबर से शुरू होने वाले पैराग्लाइडिंग सीजन के लिए पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान और साडा के अध्यक्ष एवं एसडीएम संकल्प गौतम जल्द बीड़ बिलिंग का दौरा करेंगे। इस दौरान वे खेल की शुरुआत में किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा करेंगे। दो माह तक प्रदेशभर में साहसिक खेलों पर पूर्ण रूप में प्रतिबंध होने पर अब 15 सितंबर से घाटी में भी यह साहसिक खेल शुरू हो जाएगा। दस सितंबर से बिलिंग स्थित टेक ऑफ पॉइंट पर साफ सफाई का कार्य शुरू हो जाएगा, जबकि शुक्रवार को पर्यटन विभाग के उपनिदेशक बिलिंग का दौरा करके पैराग्लाइडर पायलट के साथ बैठक करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
पर्यटन विभाग के तहत टेक ऑफ पॉइंट में नई ग्रीन मैट को मौसम के अनुकूल होने पर बिछाया जाएगा। इसके अलावा इस टेक ऑफ पॉइंट पर अधिग्रहण की गई जमीन को लेकर भी वन विभाग के प्रतिनिधियों से बैठक होगी। बीड़ बिलिंग में वर्तमान में 200 से अधिक होटल, होम स्टे और गेस्ट हाउस तथा साढ़े तीन सो के करीब पायलट पर्यटन विभाग के पास पंजीकृत हैं। बीड़ बिलिंग का पूरा पर्यटन व्यवसाय इन पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर ही निर्भर करता है। अब सीजन के शुरू होने पर बीड़ में एक बार फिर से रौनक लौट आएगी। बीड़ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश अवरोल का कहना है कि बीड़ बिलिंग के लिए सर्दियों का सीजन खास रहता है और इस बार अच्छे व्यवसाय की उम्मीद है। उपनिदेशक विनय धीमान ने बताया कि वह जल्द बीड़ बिलिंग का दौरा करेंगे और बिलिंग में पायलटों की सुविधा के लिए नई मैट बिछाई जाएगी।