एनसीसी लेफ्टिनेंट एएनओ बनीं गांव थपकौर की नेहा। -स्रोत : परिजन
डमटाल (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के गांव थपकौर निवासी नेहा ने एनसीसी एएनओ (एसोसिएट एनसीसी अधिकारी) की पासिंग आउट परेड सफलतापूर्वक पूरी कर लेफ्टिनेंट एएनओ के रूप में नियुक्ति प्राप्त की है। घर पहुंचने पर गांववासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नेहा की स्कूली शिक्षा देश के विभिन्न राज्यों के केंद्रीय विद्यालयों में हुई, जहां से उन्होंने एनसीसी से जुड़ाव शुरू किया। बाद में उन्होंने सरकारी कॉलेज, धर्मशाला से स्नातक किया और एनसीसी में सक्रिय रहीं। उन्हें 26 जनवरी की रिपब्लिक-डे परेड में भाग लेने का गौरव भी मिला। नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, आर्मी पब्लिक स्कूल पठानकोट की प्राचार्या डॉ. अंजू सैनी के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उनके पिता सुरजीत सिंह सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में कार्यरत हैं, जबकि माता सरिता देवी गृहिणी हैं। संवाद