इंदौरा/डमटाल (कांगड़ा)। विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। विधायक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने बल दिया कि स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इसके लिए विभाग को अधिक संवेदनशीलता के साथ फील्ड में उतरकर काम करना होगा।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों को जन समस्याओं के निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को पेयजल से संबंधित कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। विभाग को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए लगातार फील्ड का दौरा करें। उन्होंने अधिकारियों से जनता के साथ सीधा समन्वय बनाए रखने का भी आह्वान किया ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच सके।