धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के उपभोक्ताओं के लिए राहत और हल्की महंगाई दोनों की खबर है। प्रदेश की सस्ते राशन की दुकानों (डिपुओं) में 15 जून से सरसों के तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। खाद्य आपूर्ति निगम ने प्रदेशभर के डिपुओं में खाद्य तेल उपलब्ध करवाने के लिए 27 लाख लीटर सरसों के तेल की डिमांड भेजी है।
हिमाचल प्रदेश में सस्ते राशन के करीब 19.5 लाख उपभोक्ता हैं। इस बार नई सप्लाई के साथ उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले थोड़ी महंगाई का सामना करना पड़ेगा। डिपुओं में पहले सरसों का तेल 153 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलता था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को इसके लिए 160 रुपये चुकाने होंगे।
डिपुओं में 7 रुपये की बढ़ोतरी के बावजूद यह तेल खुले बाजार के मुकाबले उपभोक्ताओं को काफी सस्ता पड़ेगा। वर्तमान में खुले बाजार में सरसों के तेल की कीमत 190 रुपये से 220 रुपये प्रति लीटर के बीच बनी हुई है। ऐसे में डिपो से तेल लेने पर उपभोक्ताओं को प्रति लीटर लगभग 30 से 40 रुपये तक की सीधी बचत होगी।
प्रदेश में 15 जून से सरसों के तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। जबकि रिफाइंड तेल के टेंडरों की प्रक्रिया में अभी थोड़ा समय लगेगा। -अरविंद्र शर्मा, जीएम, खाद्य आपूर्ति निगम