पालमपुर में किसानों को सम्मानित करते अधिकारी। -स्रोत : आयोजक
पालमपुर (कांगड़ा)। मशरूम उत्पादन किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक प्रभावी विकल्प बनता जा रहा है, जिसकी दिशा में पालमपुर स्थित खुंब विकास परियोजना लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले के 40 किसानों के लिए आयोजित पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हुआ।
समापन समारोह में चौधरी सरवन कुमार कृषि महाविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. विनोद शर्मा मुख्यातिथि रहे। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र और विस्तृत प्रशिक्षण पुस्तिका प्रदान की। डॉ. विनोद शर्मा ने किसानों को मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार और आय वृद्धि का मजबूत माध्यम बताते हुए इसे व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मशरूम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के विशेषज्ञ डॉ. हितेंद्र पटियाल ने बताया कि परियोजना के तहत अब तक 200 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें प्रदेशभर के लगभग 9,000 किसानों को प्रशिक्षित किया गया है। यह उपलब्धि प्रदेश में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
शिविर में किसानों को मशरूम की विभिन्न किस्मों के उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, प्रबंधन और विपणन संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उद्यान विकास अधिकारी डॉ. राजेश पटियाल, डॉ. हितेश ठाकुर और अजय कौंडल ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।