धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के आगामी चुनावों को लेकर जारी हुई ताजा मतदाता सूची ने सबको चौंका दिया है। इस बार निगम क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या में 1661 की कमी दर्ज की गई है। जहां साल 2021 के निगम चुनावों में कुल वोटरों की संख्या 38,389 थी, वहीं इस बार यह आंकड़ा घटकर 36,728 रह गया है। हालांकि सूची में 574 नए मतदाता भी जुड़े हैं।
मतदाताओं की संख्या के लिहाज से वार्ड नंबर-14 (कंड) 3,270 वोटरों के साथ सबसे बड़ा वार्ड बनकर उभरा है। इसके विपरीत वार्ड नंबर-1 (फरसेटगंज) में सबसे कम 694 मतदाता हैं, जो इसे शहर का सबसे छोटा वार्ड बनाता है। सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट आई है, जबकि मैक्लोड़गंज, खेल परिसर, बड़ोल और खनियारा जैसे कुछ वार्डों में संख्या बढ़ी भी है।
मतदाताओं की संख्या में आई इस कमी के पीछे किरायेदारों और प्रवासी मजदूरों का पलायन मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कई लोग जो पिछली बार यहां रह रहे थे, वे अब क्षेत्र छोड़ चुके हैं। इसके अलावा दोहरी प्रविष्टियों को हटाने और सूची के शुद्धिकरण से भी आंकड़ों में यह बदलाव आया है।
यह है बीते साल व इस साल के मतदाताओं की संख्या व अंतर
वार्ड नंबर - नाम - पिछली बार की संख्या - इस बार की संख्या
1 - फरसेटगंज - 948 - 694
2 - भागसूनाग - 1974 - 1822
3 - मैक्लोड़गंज - 1200 - 1482
4 - कश्मीर हाउस - 1507 - 1420
5 - खजांची मोहल्ला - 2164 - 2041
6 - कोतवाली बाजार - 2766 - 2467
7 - मिनी सचिवालय - 2119 - 1580
8 - खेल परिसर - 2207 - 2371
9 - सकोह - 2384 - 2101
10 - शाम नगर - 2439 - 2357
11 - रामनगर - 2007 - 1690
12 - बड़ोल - 2411 - 2635
13 - दाड़ी - 3115 - 2711
14 - कंड - 3039 - 3270
15 - खनियारा - 2586 - 3021
16 - सिद्धपुर - 2154 - 1830
17 - सिद्धबाड़ी - 2931 - 2903
(नोट: इसमें नए 574 वोटर अलग-अलग वार्डों में शामिल होंगे)
नवंबर 2025 की मतदाता सूची के आधार पर वार्डों की मैपिंग कर पारदर्शी तरीके से नई सूची तैयार की गई है। मतदाताओं की संख्या कम होने का मुख्य कारण किरायेदारों और प्रवासियों का यहां से जाना हो सकता है। प्रशासन ने निष्पक्षता के साथ यह सूची फाइनल की है। -मोहित रत्न, एसडीएम, धर्मशाला