पालमपुर में बैठक की अध्यक्षता करतीं एसडीएम नेत्रा मेती
पालमपुर (कांगड़ा)। आने वाले मानसून के मौसम में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर एसडीएम पालमपुर की अध्यक्षता में अधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें एसडीएम नेत्रा मेती ने नगर निगम पालमपुर को न्यूगल खड्ड के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा है। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को अपने आसपास के क्षेत्र में हानि पहुंचाने वाले पेड़ों का चयन करने के भी निर्देश दिए, ताकि उन्हें वन विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा उन्हाेंने कहा कि जल शक्ति विभाग सभी जल भंडारण केंद्रों में ब्लीचिंग पाउडर की आपूर्ति की सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। सभी विभाग नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे और संबंधित नोडल अधिकारियों की सूची उनके मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बरसात के मौसम में जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों का भी स्वास्थ्य संस्थानों में वितरण सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को मानसून के दौरान अवरुद्ध सड़कों को पुन बहाल करने के लिए चयनित स्थानों पर्याप्त मशीनरी और आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्युत विभाग को मानसून के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिए आवश्यक प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के प्रबंधन को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मॉनसून के दौरान पूर्व चेतावनी के प्रसार के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करें। इस मौके पर तहसीलदार साजन बग्गा, बीडीओ भवारना भानु प्रताप सिंह, पंचरुखी केएस राणा, फूड इंस्पेक्टर आलोक बलिया, नायब तहसीलदार पंचरुखी अरुण कुमार सांख्यान और अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अनिल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।