पालमपुर (कांगड़ा)। नगर निगम पालमपुर ने क्षेत्र के पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश पाने की तैयारी हेतु एक मॉक टेस्ट आयोजित किया। इस मॉक टेस्ट में करीब 140 छात्रों ने भाग लिया। इसमें सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र शामिल हुए। परीक्षा पालमपुर के विभिन्न स्कूलों जैसे डीएवी स्कूल, राजकीय प्राथमिक स्कूल राजपुर, खलेट, जीपीएस बनूरी, रानी सिद्धपुर और पालमपुर में आयोजित की गई।
इस परीक्षा में 13 सरकारी और आठ निजी स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। नगर निगम पालमपुर के महापौर गोपाल नाग ने इस प्रक्रिया में गहरी रुचि दिखाई और छात्रों को प्रेरित करने के लिए परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम भविष्य में इन छात्रों के लिए कोचिंग क्लास आयोजित करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम पालमपुर बच्चों और युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहा है और इस तरह के प्रयासों से उनकी शिक्षा में सुधार होगा। संवाद