धर्मशाला। पंचायत रानीताल के गाहलियां पुल के पास बने पानी के टैंक के समीप ट्रैक्टरों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह फैसला पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के सहयोग से जनहित में लिया है।
पंचायत प्रधान अभिनव कृष्ण ने बताया कि कई ट्रैक्टर चालक यहां से गुजरकर बनेर खड्ड में वर्षों से धड़ल्ले से अवैध खनन कर रहे थे। इस वजह से न केवल खड्ड और प्राकृतिक पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि आसपास के रास्ते और सार्वजनिक संपत्ति भी क्षतिग्रस्त हो रही थी। ग्रामीणों की लगातार आ रही शिकायतों और मांग को देखते हुए पंचायत ने यह कड़ा कदम उठाया है।
प्रधान अभिनव कृष्ण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अब कोई भी ट्रैक्टर चालक इस प्रतिबंधित मार्ग का उपयोग करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से पंचायत के आदेशों का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
साथ ही ग्रामीणों से भी प्रशासन व पंचायत का सहयोग करने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर उपप्रधान अमित कुमार, पंचायत सदस्य कार्तिक मेहरा, अवतार सिंह, सुषमा देवी, पूजा देवी, कमलेश कुमार और कई ग्रामीण विशेष रूप से मौजूद रहे।