बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां से देहरा के लिए सुबह 5:50 बजे चलने वाली देहरा डिपो की बस सेवा को बंद कर दिया गया है। परिवहन निगम का तर्क है कि सुबह जवाली से नगरोटा सूरियां-देहरा-शिमला व नंदपुर से नगरोटा सूरियां-देहरा-श्रीगंगानगर के लिए बसें चलने के कारण नगरोटा सूरियां से देहरा चलने वाली बस घाटे में चल रही थी, इसलिए इस बस सेवा को बंद करना पड़ा। नगरोटा सूरियां के ग्रामीणों अश्वनी गुलेरिया, रमेश चंद, सुभाष चंद आदि का कहना है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार नगरोटा सूरियां को हाशिए पर धकेलने के लिए यहां से चलने वाली बसों को या तो जवाली से या फिर देहरा हलके के नंदपुर से चलाया जा रहा है। यह दोनों बसें पीछे से ही भरी होती हैं। नगरोटा सूरियां से देहरा की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने नगरोटा सूरियां से देहरा चलने वाली बस को दोबारा शुरू करने की मांग की है। सुबह छह बजे नंदपुर से टांडा वाया नगरोटा सूरियां चलने वाली देहरा डिपो की बस को भी दोबारा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दो साल पहले परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पठानकोट से हरिद्वार बस वाया नगरोटा सूरियां चलाने के एचआरटीसी डिपो पठानकोट के आरएम को आदेश जारी किए थे जो आज तक नहीं शुरू हो पाई है।
देहरा के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आयुष उपाध्याय ने बताया कि जवाली से शिमला व नंदपुर से श्रीगंगानगर जाने वाली बसें सुबह छह बजे नगरोटा सूरियां पहुंचती हैं और देहरा होकर ही गंतव्य की ओर जाती हैं। इससे सुबह छह बजे नगरोटा सूरियां से देहरा चलने वाली बस घाटे में चल रही थी इसलिए इसे बंद कर दिया गया है। नगरोटा सूरियां से टांडा चलने वाली बस को दोबारा चलाने की अनुमति के लिए परिवहन मंत्रालय को पत्र भेजा है।