बैजनाथ/चढ़ियार। बक्शी प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ियार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इसमें विधायक किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है। इसके बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जीवन में ऊंचे लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पुस्तकों के अध्ययन और महान व्यक्तित्वों के जीवन से सीख लेने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता पर आधारित प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि ऐसे समारोह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय की रसायन विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 50 हजार रुपये और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।