बैजनाथ (कांगड़ा)। विधायक किशोरी लाल ने रजोट गांव में जल शक्ति विभाग की ओर से लगभग 57 लाख रुपये की लागत से स्थापित विद्युतिकृत नलकूप (ट्यूबवेल) का लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि इस नलकूप के चालू होने से रजोट गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी। विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर बैजनाथ से टांडा अस्पताल के लिए बस सेवा को वाया टिकरी-रजोट मार्ग से आरंभ करने के प्रयास करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने अपर रजोट में पंचायत भवन के निर्माण के आदेश भी संबंधित विभाग को दिए। इस अवसर पर प्रधान रजोट मीनाक्षी, प्रधान अपर रजोट शशि देवी, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग राहुल धीमान, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग विजय नाग आदि मौजूद रहे।