पंचरुखी (कांगड़ा)। आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने पंचरुखी स्थित लदोह में श्रीमद्भागवत कथा सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में भाग लिया और पूजा-अर्चना की।
मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता मानव जीवन के लिए प्रेरणा का महान ग्रंथ है, जो सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की शिक्षा देता है। उन्होंने इस अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा कमेटी को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा मंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा पेयजल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि पंचरुखी और आसपास के क्षेत्रों के लिए 32 करोड़ रुपये की लागत से महत्वाकांक्षी पेयजल योजना निर्माणाधीन है, जो शीघ्र ही पूर्ण होकर क्षेत्र की जनता को लाभान्वित करेगी।
मंत्री ने बताया कि सलियाणा में आयोजित मेलों के लिए कुश्ती अखाड़ा में बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे स्थानीय सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों को सुदृढ़ता मिलेगी। इस अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा कमेटी के संचालक सुदर्शन अवस्थी, कमेटी के प्रधान ज्योति प्रकाश, उप प्रधान संतोष कुमार, आरसी लदोहिया तथा ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संवाद