लंबागांव (कांगड़ा)। लंबागांव में 29 वर्षीय प्रवासी महिला गले में दुपट्टे के फंदे से झूली मिली। मृतका की पहचान रीना देवी पत्नी किशोर कुमार निवासी रूपालिया गोहना, बिहार के रूप में हुई है। मृतका का पति पिछले आठ सालों से लंबागांव में एक हार्डवेयर की दुकान पर मजदूरी का काम करता है। दोनों पति-पत्नी हार्डवेयर की दुकान के गोदाम के समीप बने कमरे में रहते थे। सोमवार की रात को रीना कमरे के अंदर सोई हुई थी, जबकि उसका पति ज्यादा गर्मी होने के कारण कमरे के बाहर सो गया।
पति ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह जब वह अंदर गया तो उसने देखा कि उसकी पत्नी गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर के पंखे के साथ लटकी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर के शव को अपने कब्जे में लेकर के पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पालमपुर भेज दिया है। उसके पति के अनुसार उनकी कोई संतान नहीं थी, इस कारण उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। पुलिस ने मामला दर्ज करके अपनी आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एसएचओ प्रेमपाल शर्मा ने की है।