लंबागांव (कांगड़ा )। पुलिस थाना लंबागांव के तहत एक प्रवासी नाबालिग लड़की को प्रवासी युवक पर भगाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। क्षेत्र में पिछले कई सालों से खड्ड के किनारे झुग्गी बनाकर रह रही एक प्रवासी महिला ने अपनी नाबालिग लड़की को एक प्रवासी युवक पर भगाकर ले जाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में लड़की की मां ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार सुबह उसकी नाबालिग लड़की उससे यह कहकर गई कि उसकी तबीयत खराब है और वह डिस्पेंसरी से दवाई लेने जा रही है लेकिन फिर वह वापस नहीं आई। जब लड़की नहीं लौटी तो उसकी मां ने उसे हर जगह तलाश किया लेकिन लड़की का कोई भी अता-पता नहीं चला। लड़की की मां का कहना है कि वह पिछले कई सालों से अपने परिवार सहित लंबागांव क्षेत्र में ही झुग्गी में रहती है और दिहाड़ी मजदूरी करती है। उनकी झुग्गी के साथ और भी प्रवासी झुग्गी बनाकर रहते हैं। उनकी झुग्गी के साथ जो प्रवासी मजदूर रहते हैं, उनका भी एक लड़का गायब है। लड़की की मां ने शक जाहिर किया है कि लड़का ही उसकी लड़की को भगाकर ले गया है। लंबागांव थाना प्रभारी प्रेमपाल शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहा कि लड़की की तलाश की जा रही है।