पालमपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना पालमपुर के समीप बाईपास पुल से एक विवाहित व्यक्ति ने छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल अवस्था में उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद हुआ था। इस पर पत्नी ने थाना पालमपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंभीर घायल व्यक्ति को पालमपुर अस्पताल लाया लगा लेकिन उसकी हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। अभी तक वह पुलिस को बयान देने की स्थिति में नहीं है। सूत्रों के मुताबिक वीरवार सुबह जब उसकी पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी तो उसने पत्नी से फोन छीन लिया था। उसके बाद हुई बहस में उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की थी। इस पर पत्नी ने थाना पालमपुर में शिकायत कर दी। जब उसे पता चला कि उसकी पत्नी थाने गई है तो वह भी थाने में पहुंच गया। पुलिस अभी पत्नी के बयान लिख रही थी कि महिला का पति पानी पीने के बहाने थाने के बाहर चला आया। इसी बीच थाने के साथ लगते बाईपास पुल के पास शोर मच गया कि एक व्यक्ति पुल के नीचे कूद गया है। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे से उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पुलिस अभी घायल व्यक्ति के बयान भी दर्ज करेगी। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाईपास पुल पर लगे ऊंचा जाला
पालमपुर में बने बाईपास पुल को लेकर लोगों ने इस पार ऊंचा जाला लगाने की बात कही है। लोगों का कहना है कि इस पुल पर पहले भी दो बार हादसे हुए हैं। जिसे देख इस पर जाला लगाना जरुरी है। एडवोकेट अरविंद वरिष्ठ, मुनीष शर्मा, अनुराग शर्मा, नीटू सूद, सुभाष चंद आदि का कहना है कि पुलिस की ऊंचाई को देखते हुए यहां पर जाला लगना चाहिए। ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सकें।