कांगड़ा बाजार में उमड़े ग्राहक। संवाद
कांगड़ा। करवाचौथ से एक दिन पहले कांगड़ा शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्य बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। महिलाओं ने मेहंदी लगवाने के साथ मिठाई, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी की।
मुख्य बाजार में पुलिस थाना से आगे और नेहरू चौक पर सुबह सात बजे से ही महिलाएं मेहंदी लगवाने पहुंचने लगी थीं। महिलाओं ने अलग-अलग पैकेज के तहत मेहंदी लगवाई। मिठाई की दुकानों पर फेनी, मिठाइयों और मट्ठियों की जमकर बिक्री हुई।
खरीदारी करने पहुंचे कुलतार चंद, शिवानी और पूजा देवी ने बताया कि त्योहार को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल है। फलों और मनियारी की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहक जुटे रहे।
नेहरू चौक के जूता व्यापारी शंकर गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों बाजार में मंदी थी लेकिन करवाचौथ से पूर्व कारोबार में तेजी आई है। कॉलेज रोड और मंदिर बाजार में भी मनियारी की दुकानों पर अच्छा कारोबार हुआ। व्यापारी रमेश महेशी, विजय परवान, बॉबी और जितेंद्र ने आगामी त्योहारी सीजन में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद जताई है।