मनोज कुमार ने सीएम सुक्खू से भेंट की।
- फोटो : संवाद
प्रदेश सरकार ने गद्दी समुदाय से संबंध रखने वाले नड्डी के मनोज कुमार को हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन का अध्यक्ष नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस ताजपोशी के बहाने कांगड़ा और चंबा जिलों के गद्दी बहुल इलाकों में कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया है। गद्दी समुदाय प्रदेश की राजनीति में खासा प्रभाव रखता है। खासतौर पर चंबा की सभी पांच विधानसभा सीटों और कांगड़ा जिला के धर्मशाला, पालमपुर, बैजनाथ, शाहपुर तथा नूरपुर विधानसभा क्षेत्रों में। गौरतलब है कि गद्दी समुदाय पर भाजपा भी अपनी पकड़ बनाकर रखती रही है।
दिवंगत किशन कपूर पांच बार विधायक, तीन बार मंत्री और एक बार सांसद रहे। वर्तमान में भरमौर विधानसभा से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज भी इसी समुदाय से आते हैं। ऐसे में कांग्रेस ने भी गद्दी कार्ड चलाकर मनोज कुमार को वूल फेडरेशन की कमान सौंप दी है। वर्ष 2012 में कांग्रेस ने मनोज को धर्मशाला विधानसभा सीट से टिकट दिया था, लेकिन बाद में बैजनाथ सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण धर्मशाला से पूर्व मंत्री संतराम शर्मा के पुत्र सुधीर शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया।
मनोज कुमार का गांव भत्तला पंचायत में आता है, जो शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में है, लेकिन धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की सीमा के बिल्कुल निकट है। मनोज कुमार लंबे समय तक गद्दी उत्थान महासभा के अध्यक्ष भी रहे हैं और गद्दी समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। मनोज पंचायत भत्तला से तीन बार प्रधान और एक बार जिला परिषद के सदस्य रहे हैं। वह पूर्व में भारत सरकार की स्टील कंज्यूमर काउंसिल के सदस्य, राज्य योजना विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम कमेटी और गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं।
चंबा-कांगड़ा से चार सदस्य भी बनाए
प्रदेश सरकार ने जिला चंबा के पांगी जनजातीय क्षेत्र धरवास गांव के वीर सिंह, चुवाड़ी के अजय सिंह, कांगड़ा के पालमपुर के खिलड़ू गांव के विजय कुमार और टंग नरवाणा के राजेश कुमार को वूल फेडरेशन का सदस्य बनाया गया है।