डमटाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना डमटाल और सीआईए की संयुक्त टीम ने तोकी गांव में एक मकान में दबिश देकर 13.3 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ रखने के आरोप में 39 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ रोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि तोकी गांव निवासी राकेश कुमार अपने घर से चिट्टा बेचने का कारोबार कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर दोपहर करीब 12:40 बजे आरोपी के मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कमरे में बेड के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया एक पारदर्शी पाउच मिला, जिसकी जांच करने पर उसमें 13.3 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस बरामद चिट्टे के मुख्य स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।