धर्मशाला। विद्युत बोर्ड के कांगड़ा स्थित 132 केवी सब विद्युत स्टेशन में तकनीकी खराबी आने के कारण कई गांवों के लोगों को बिना बिजली के ही रात गुजरनी पड़ी। मंगलवार को शाम को करीब पांच बजे सब स्टेशन में खराबी आ जाने से विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। इसके चलते मटौर, बगली, पासू और ढगवार सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। करीब पांच घंटे पर तकनीकी खराबी ठीक होने से लाइन को चालू किया गया, लेकिन फिर अन्य लाइन में खराबी आने के चलते फिर से बिजली बंद हो गई।
पासू के राजेश कुमार, अजय कुमार, अरविंद्र, ढगवार के राकेश कुमार, अमर सिह और रोहित कुमार ने कहा कि मंगलवार शाम को बिजली बंद होने के बाद अगले दिन बुधवार को बिजली बहाल हुई। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बिजली होने से नलों में पेयजल आपूर्ति भी बंद रही। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग कि है कि कोई ऐसी व्यवस्था की जाए कि लोगों को ऐसी समस्याओं से छुटकारा मिल सके।
वहीं, विद्युत बोर्ड दाड़ी के जेई आशीष भारती ने कहा कि कांगड़ा के 132 केवी सब स्टेशन में तकनीकी समस्या के चलते बिजली बंद हुई थी। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद समस्या को हल करके विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी थी। कांगड़ा से आने वाली लाइन में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई थी।