पालमपुर में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा का अनावरण करते पूर्व सीएम शांता कुमार और विधायक आशीष ब
पालमपुर (कांगड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि 1947-48 के भारत-पाक युद्ध में मेजर सोमनाथ शर्मा ने श्रीनगर हवाई अड्डे को दुश्मनों से बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर अमर गाथा लिखी। उनकी इसी वीरता के कारण उन्हें भारत का प्रथम परमवीर चक्र पुरस्कार मिला।
वहीं पालमपुर में नगर निगम की ओर से आठ लाख रुपये की लागत से मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के बाद अनावरण करते हुए बोल रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और विधायक आशीष बुटेल ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। शांता कुमार ने कहा कि सीमित फौज और संसाधनों के बावजूद मेजर सोमनाथ ने अदम्य साहस दिखाते हुए श्रीनगर एयरपोर्ट को दुश्मनों के कब्जे में नहीं जाने दिया।
वहीं, विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि ऐसे शूरवीरों के बलिदान से ही आज देशवासी सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि नई पीढ़ी को ऐसे शहीदों की गाथाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर शहीद मेजर की भतीजी राधिका शौनिक, शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता डॉ. एन.के. कालिया, भाई वैभव कालिया, महापौर गोपाल नाग, उपमहापौर राजकुमार, पार्षदगण, एसडीएम नेत्रा मेती, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशीष शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।