रैहन (कांगड़ा) । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुगलाड़ा में ई-संवाद कार्यक्रम के तहत अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान संजय राणा ने की। बैठक में अध्यापकों के साथ-साथ विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर निरंतर नजर रखें, उनसे संवाद बनाए रखें और किसी भी गलत संगति या गतिविधि की जानकारी समय रहते स्कूल प्रशासन को दें।
बैठक के दौरान अध्यापकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, पढ़ाई की कारगुज़ारी, अनुशासन और विद्यालय में चल रही विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों को दी। साथ ही बच्चों की कमजोरियों और उन्हें सुधारने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए ताकि अभिभावक घर पर भी बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित कर सकें।
एसएमसी प्रधान संजय राणा ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को समाज में बढ़ते नशे, विशेषकर चिट्टे जैसे घातक नशे के दुष्प्रभाव बताए। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है और यह परिवार और समाज दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे रूपी जहर से हमेशा दूर रहने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
बैठक में सभी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल और अभिभावकों के आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।