शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में पंजाब से आए एक परिवार ने मनोकामना पूरी होने पर मां ज्वाला को करीब 10 ग्राम सोने का छत्र अर्पित किया। वहीं, नवरात्र के दौरान नयनादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने सोने का हार, बालियां, टीका, नथ और 22.5 ग्राम सोने के नेत्र चढ़ाए। दोनों शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखने को मिली।
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में मन्नत पूरी होने पर पंजाब से आए एक श्रद्धालु परिवार ने मां ज्वाला के चरणों में एक तोले सोने का छत्र अर्पित किया। परिवार ने माता रानी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि मां की कृपा से उनकी मनोकामना पूरी हुई है।
विज्ञापन
श्रद्धालु परिवार ने मंदिर पहुंचकर करीब 10 ग्राम वजन का सोने का छत्र अर्पित किया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। परिवार के सदस्यों के अनुसार, मां ज्वाला के प्रति उनकी अटूट आस्था है। मनोकामना पूरी होने पर उन्होंने दरबार में पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
नयनादेवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने चढ़ाए स्वर्ण आभूषण
नवरात्र के दौरान शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में सोने के आभूषण अर्पित किए। मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से सोने का हार, एक जोड़ी बालियां, टीका, नथ और साढ़े 22 ग्राम वजन के सोने के नेत्र चढ़ाए गए।
विज्ञापन
नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और माता रानी के प्रति आस्था व्यक्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। मां ज्वाला और मां नयनादेवी के दरबार में सोने के छत्र और आभूषण अर्पित किए जाने से श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली।