कड़ाके की ठंड में कम वोल्टेज का झटका
धर्मशाला शहर में लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। कड़ाके की ठंड के बीच बिजली की मांग बढ़ने के साथ ही उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसके चलते लोगों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली बोर्ड से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या से छुटकारा नहीं दिलाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कम हो रही वोल्टेज के कारण लोगों के घरों में कई उपकरण काम नहीं कर पा रहे हैं। बड़ोल निवासी कुलतार चंद गुलेरिया ने कम वोल्टेज की समस्या को लेकर बोर्ड को ईमेल के माध्यम से जानकारी दी है। वहीं, कुलतार गुलेरिया ने कहा कि पिछले कुछ दिन से रोजाना सुबह के समय बिजली की कम वोल्टेज के कारण उनकी मोटर खराब हो गई है। सुबह के समय गीजर और कई अन्य उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। स्थानीय लोगों जोगिंद्र, दुनी चंद, रमेश, बृजमोहन आदि ने बताया कि
बिजली बोर्ड धर्मशाला शहर में वोल्टेज की समस्या से जल्द निजात दिलाए। इसके अलावा सकोह निवासी राजीव कुमार ने कहा कि अब तो सुबह-सुबह जब हम उपकरण चलाते हैं तो वोल्टेज की समस्या के चलते वे ऑन ही नहीं हो रहे हैं। ऐसे में कई बार उन्हें अपने काम पर जाने में देरी हो रही है। बिजली बोर्ड मंडल धर्मशाला के अधिशासी अभियंता विकास ठाकुर ने कहा कि कुछ दिन से ग्रिड से वोल्टेज कम आ रही है लेकिन शहर में ऐसी कोई समस्या की शिकायत नहीं आई है। अगर कहीं वोल्टेज की समस्या आ रही है तो उसे चेक करने के बाद दुरुस्त कर दिया जाएगा।