सुबह छा गया अंधेरा...धर्मशाला में वीरवार को सुबह ही मौसम ने करवट ले ली और बारिश का दौर शुरू ह
पर्याप्त बारिश न होने से जिले के किसान मायूस
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिले के सुबह मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल छा गए और तूफान भी चला। वीरवार सुबह हल्की बारिश होने से मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया। हालांकि दोपहर बाद आसमान साफ होने के साथ तेज धूप खिल गई।
हल्की बारिश से मौसम में नमी तो बढ़ी, लेकिन पर्याप्त वर्षा न होने से किसानों को खास राहत नहीं मिल पाई। सुबह के समय बूंदाबांदी के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दोपहर होते-होते बादल छंट गए और धूप निकलने से फिर से गर्मी का असर महसूस किया। वीरवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
जानकारी के अनुसार इस समय फसलों के लिए अच्छी बारिश की जरूरत है। हल्की बारिश से खेतों में नमी तो आई है लेकिन इससे फसलों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। अगर जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों की वृद्धि पर असर पड़ सकता है। इस समय फलदार पौधों पर बौर आई है, जिससे अच्छे फल के लिए बारिश बेहद जरूरी है। वहीं, गेहूं की फसल के लिए भी बारिश की जरूरत है। किसानों को वीरवार को अच्छी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन मायूसी ही हाथ लगी है।