फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: लेहसर पंचायत प्रधान ने ग्रामीणों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील

विज्ञापन
विज्ञापन
योल (कांगड़ा)। लेहसर पंचायत प्रधान सुखदेव चंद ने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कूड़ा उठाने की गाड़ी उपलब्ध होने के बावजूद कुछ लोग सड़क किनारे, बावड़ियों और मंदिरों के आसपास कचरा फेंक रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कचरा निर्धारित स्थानों या कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही डालने का आग्रह किया। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और ग्रामीणों के सहयोग से ही गांव को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाया जा सकता है। गांव का विकास केवल सड़कों और अन्य सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की जागरूकता, सहयोग और व्यवहार भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संवाद
विज्ञापन






विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
कांगड़ा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोहड़कवालू में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. बबीता गौतम की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली शारीरिक, मानसिक व सामाजिक समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार व समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी ग्रहण की। संवाद

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री रेणु बजवारिया का निधन
रैत (कांगड़ा)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव सुधेड़ निवासी रेणु बजवारिया (58) का शनिवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थीं। शनिवार दोपहर बाद सुधेड़ स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। रेणु बजवारिया कांग्रेस की सक्रिय नेत्री होने के साथ-साथ एक मृदुभाषी और समाजसेवी महिला भी थीं। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और मिलनसार स्वभाव के चलते क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने रेणु बजवारिया के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और कहा उनका निधन क्षेत्र और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। संवाद
विज्ञापन


-


पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में दिशा मेहरा को मिला गोल्ड मेडल
जवाली (कांगड़ा)। नगर परिषद जवाली के अंतर्गत वार्ड नंबर सात की निवासी दिशा मेहरा ने इंद्र कुमार गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी जालंधर से बीएससी चिकित्सा ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी में स्वर्ण पदक हासिल किया है। दीक्षांत समारोह में चांसलर ने दिशा मेहरा को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। दिशा मेहरा ने अपना, अपने परिजनों व जवाली का नाम रोशन किया है। दिशा मेहरा एमएससी पास कर वर्तमान में बंगलूरू में अपनी मेडिकल प्रेक्टिस और पीएचडी की पढ़ाई कर रही हैं। दिशा मेहरा के पिता दिलबाग सिंह पटवारी थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जबकि माता आशा रानी भाषा अध्यापक सेवानिवृत हुई हैं। दिशा मेहरा की प्रारंभिक शिक्षा जवाली में हुई। दिशा मेहरा ने इसका श्रेय अपनी माता सहित गुरुजनों व अपनी मेहनत को दिया है। संवाद



मोहम्मद शरीफ और सुलक्ष ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह
डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने 14 और 15 अक्तूबर को देहरी महाविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालय जल क्रीड़ा प्रतियोगिता में महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने चार रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए। इसके साथ ही, मोहम्मद शरीफ और सुलक्ष ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता में मोहम्मद शरीफ, सुलक्ष ठाकुर, डिम्पल और पल्लवी ने रजत पदक, जबकि अमन और रजत ने कांस्य पदक जीते। इस कारण महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। प्राचार्य डॉ. नामेश कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। डॉ. कमल सिंह और प्रो. आरती ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। संवाद


इंदौरा कॉलेज में एनएसएस इकाई ने लगाया स्वच्छता शिविर
डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता शिविर आयोजित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. युजवेंद्र गिरि के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में लगभग 120 एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। संवाद



डांडिया की धुनों पर झूमे प्रताप वर्ल्ड स्कूल के शिक्षक
डमटाल (कांगड़ा)। प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा में नवरात्र पर सप्तमी के दिन शिक्षकों के लिए गरबा और डांडिया नाइट आयोजित की गई। इस दौरान पारंपरिक डांडिया परिधानों में सजे शिक्षकों ने गरबा व डांडिया की धुनों पर भाग लिया और भारतीय संस्कृति व परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। विद्यालय की प्रबंध निदेशक डॉ. रीचा महाजन और प्रधानाचार्या रेनू परमार ने भी उत्सव में भाग लिया। इस अवसर को यादगार बना दिया। इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों को नियमित शैक्षणिक गतिविधियों से हटकर मनोरंजन, आपसी मेल-जोल और एक-दूसरे के साथ आनंदपूर्वक समय बिताने का अवसर प्रदान करना था। संवाद




भरमाड़ स्कूल में गगनदीप कौर ने संभाला प्रधानाचार्य का कार्यभार
भरमाड़ (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ में गगनदीप कौर ने नई प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया। धर्मशाला निवासी गगनदीप कौर शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने कहा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना शिक्षकों का प्रमुख कर्तव्य है। इसके साथ ही विद्यालय में अनुशासन बनाए रखना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। प्रधानाचार्य गगनदीप कौर ने अपने सेवाकाल की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 2000 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला न्यू कांगड़ा में प्रवक्ता के रूप में हुई थी। संवाद




श्री हरिकथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को बताई महामाया की महिमा
डमटाल (कांगड़ा)। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से कुठलैहड, बसंतपुर स्थित श्री राधा बाल वाटिका स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय श्री हरिकथा के अंतिम दिवस श्रद्धालुओं को महामाया की महिमा और आध्यात्मिक ज्ञान के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान साध्वी सरोज भारती ने राजा सूरथ का प्रसंग सुनाया। कार्यक्रम में राकेश कुमार, प्रेम पाल सिंह, मास्टर मनीष, चेतन, राकेश, पाश कुमार, रतन लाल, विजय कुमार, गौरव कुमार, सुरजीत सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। स्वामी विकासानंद ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले आयोजकों एवं समस्त प्रबंधकों का धन्यवाद किया। श्री हरिकथा का समापन आरती के साथ किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें