भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुई ज्वालामुखी-घट्टा टिहरी सड़क। -स्रोत : जागरूक पाठक
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ज्वालामुखी-घट्टा टिहरी सड़क पर भूस्खलन होने से मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बह गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे स्थानीय लोगों व राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने चिंता जताते हुए बताया कि सड़क का एक किनारा धंसने और बह जाने के कारण वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष भी मानसून के दौरान इस मार्ग को काफी नुकसान पहुंचा था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो आगामी दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है।
पंचायत प्रधान टिहरी सरिता धीमान, मनोज, राकेश, विकास और विमला देवी ने लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि सड़क को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मुख्य मार्ग कई गांवों को आपस में जोड़ता है, इसलिए इसके बंद या क्षतिग्रस्त होने से आम जनता के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।