धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम के साथ प्रस्तावित स्पोटर्स हॉस्टल की जमीन की मेजरमेंट करते हुए लोक न
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में प्रस्तावित आधुनिक स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण अब कागजी औपचारिकता से निकलकर धरातल पर उतरने लगा है। हॉस्टल के लिए चिह्नित जमीन की पैमाइश लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दी है। पैमाइश प्रक्रिया पूरी होते ही विभाग हॉस्टल की ड्राइंग और नक्शा तैयार करेगा। इसके आधार पर दो से तीन सप्ताह के भीतर निर्माण का विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने का लक्ष्य तय किया गया है।
प्रदेश सरकार ने हॉस्टल निर्माण के लिए शुरुआती चरण में तीन करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। ऐसे में जमीन की नपाई शुरू होना इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। विभाग की तकनीकी टीम मौके पर उपलब्ध भूमि के क्षेत्रफल और भौगोलिक पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इसके बाद भवन की डिजाइनिंग और खिलाड़ियों के लिए जरूरी आधुनिक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर माहौल
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र होने के कारण धर्मशाला में विभिन्न प्रतियोगिताओं और विशेष प्रशिक्षण शिविरों के लिए प्रदेशभर सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचते हैं। खेल छात्रावास बनने से खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान ठहरने के लिए विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
निदेशालय से मंजूरी मिलते ही शुरू होगा निर्माण
लोक निर्माण विभाग की टीम पहले जमीन की पैमाइश पूरी करेगी। इसके बाद ड्राइंग और नक्शा तैयार कर निर्माण लागत का विस्तृत एस्टीमेट तैयार होगा। एस्टीमेट को स्वीकृति के लिए खेल निदेशालय भेजा जाएगा, जहां से अंतिम प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -रवि शंकर, जिला खेल अधिकारी, कांगड़ा
धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम के साथ प्रस्तावित स्पोटर्स हॉस्टल की जमीन की मेजरमेंट करते हुए लोक न