गंगथ के बाबा कयालु जी महाराज के मंदिर के बाहर दंगल विजेता को देने के लिए खड़ा किया ट्रैक्टर।
गंगथ (कांगड़ा)। श्री बाबा क्यालू के महादंगल में इस बार दर्शकों पर भी ड्राॅ के माध्यम से लाखों रुपये के इनाम बरसेंगे। 2 से 5 जून तक होने वाले इस महादंगल में कमेटी ने एक हजार कूपन जारी किए हैं और 4 जून को लक्की ड्राॅ निकाला जाएगा। कमेटी के प्रधान राजेश भल्ला, मुख्य सलाहकार राम गोपाल और रजनीश बिट्टा ने बताया कि प्रथम लक्की विजेता को बुलेट इनाम के रूप में दिया जाएगा। दूसरा इनाम एक्टिवा स्कूटी और तीसरा इनाम वाशिंग मशीन दी जाएगी।
कमेटी की ओर से प्रदेश के सबसे बड़े दंगल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें देश के कई नामी गिरामी पहलवान अपना दम दिखाएंगे। एसडीएम इंदौरा की अगुवाई में सभी विभाग दंगल की तैयारी में जुटे हुए है। 2 जून को केवल हिमाचल पहलवानों के लिए कुश्ती होगी और विजेता को मोटरसाइकिल दिया जाएगा। 3 जून को देश की महिला पहलवान अखाड़े में दम दिखाएंगी और विजेता दंगल गर्ल को ऑल्टो कार दी जाएगी। वहीं, 4 जून को खुले दंगल में विजेता को मोटरसाइकिल दी जाएगी और 5 जून के महादंगल विजेता को ट्रैक्टर, दूसरे को ऑल्टो कार, तीसरे को बुलेट बाइक दी जाएगी। दंगल में 250 पीतल की बाल्टोहियां, 700 गागरें और लाखों रुपये इनाम स्वरूप नकद वितरित किए जाएंगे।
ये नामी पहलवान आएंगे
महादंगल में देश के नामी पहलवानों ने आने के लिए हामी भरी है। इसमें महाराष्ट्र से सिकंदर शेख, फगवाड़ा से प्रितपाल, प्रयागराज-मथुरा से अखिलेश बाबा, रवि बोहरा, सद्दाम जोंटी, गुर्जर, परवीन शिव महाराष्ट्र, भूपेंद्र अजनाला शामिल हैं। इसके अलावा महिला पहलवानों में दिव्या काकरा (दिल्ली), काजल (सोनीपत), गोल्ड मेडलिस्ट सुमित सेहराबत, नेशनल चैंपियन तनु शर्मा और सोलन की आरजू भी दंगल में दमखम दिखाएंगी।
गंगथ के बाबा कयालु जी महाराज के मंदिर के बाहर दंगल विजेता को देने के लिए खड़ा किया ट्रैक्टर।