माधो नगर पंचायत में दो करोड़ 90 लाख की राशी से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन करते विधायक किशोरी ल
बैजनाथ (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ की ग्राम पंचायत माधोनगर में विधायक किशोरी लाल ने बुधवार को नाबार्ड योजना के तहत कुम्हारड़ा से माधोनगर-नैन भंखेड़ तक 2.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की एक महत्वपूर्ण मांग रही है और इसके निर्माण से लगभग 450 परिवारों की 1800 से अधिक जनसंख्या को आवागमन में सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और जनता की जरूरतों के अनुसार परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस मौके पर उन्होंने जनता की समस्याओं को भी सुना और अधिकतर का समाधान मौके पर ही किया। शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा गया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय सूद, एसडीओ राहुल ठाकुर, जल शक्ति विभाग के एसडीओ शरती शर्मा और अन्य उपस्थित रहे।