धर्मशाला। विधानसभा धर्मशाला के कोतवाली बाजार में व्यापारियों की ओर से ट्रेड लाइसेंस के विरोध में शुक्रवार सुबह 09:00 से दोपहर 01:00 बजे तक बाजार बंद रखा जाएगा। यह निर्णय व्यापार मंडल की ओर से वीरवार को बैठक के दौरान लिया गया। इसके साथ ही कोतवाली के सभी व्यापारी 11:30 बजे बाजार के मुख्य चौक पर एकत्रित होकर ट्रेड लाइसेंस को लेकर विरोध जताएंगे। कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुज कश्यप ने कहा कि वीरवार को बैठक में ट्रेड लाइसेंस के मुद्दे को उठाया गया।
इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश में किसी भी नगर निगम के क्षेत्र में ट्रेड लाइसेंस लागू नहीं किए गए हैं तो धर्मशाला में ही क्यों लागू करने का दबाव क्यों बनाया जा रहा है। हालांकि व्यापारियों ने चुने गए प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से इस बारे में बात की लेकिन कोई भी संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद बाजार बंद रखकर विरोध जताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पालमपुर, कांगड़ा, सोलन और जहां नगर निगम क्षेत्र के अध्यक्षों से सूचना मिली है कि कहीं भी ट्रेड लाइसेंस लागू नहीं किए गए हैं। इसके बाद अब धर्मशाला में विरोध किया जाएगा और इसके चलते बाजार को बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान बैठक में महासचिव शेखर राय, कोषाध्यक्ष रजत महाजन, अजिंदर चकवाल और जगदीश रूस्तगी सहित अन्य उपस्थित रहे।