धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला का कोतवाली बाजार व्यापार मंडल अब डिजिटल युग में कदम रखते हुए खुद का ई-कॉमर्स एप लॉन्च करने जा रहा है। हालांकि उपभोक्ताओं को इस सुविधा के लिए अब लगभग दो माह का इंतजार करना होगा।
पहले केवल एक वेबसाइट लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन त्योहारी सीजन के कारण व्यापारियों की अधिक व्यस्तता और एप में खरीदारी की अधिक सरलता को देखते हुए अब व्यापारियों ने वेबसाइट के साथ-साथ कोतवाली बाजार नाम से एक समर्पित एप भी लॉन्च करने का निर्णय लिया है। इसी कारण लॉन्चिंग में समय लग रहा है।
व्यापार मंडल का यह निर्णय उपभोक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं देने और ऑनलाइन खरीदारी के कारण घटते स्थानीय कारोबार को बचाने के लिए लिया गया है। इस एप के लॉन्च होने के बाद शहर सहित प्रदेश भर के लोगों को भी घर बैठे कम दाम में सामान खरीदने की सुविधा मिलेगी।
कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के महासचिव शेखर राय ने बताया कि एप लॉन्च होने के बाद धर्मशाला का कोतवाली बाजार प्रदेश में अपना एप लॉन्च करने वाला पहला बाजार बन जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एप लॉन्च होने के बाद व्यापारियों को इसे चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वर्तमान में वेबसाइट पर लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।